विश्व योगासन चैंपियनशिप में इंदौर की तीन बहनों का कमाल, भारत को दिलाए स्वर्ण पदक
अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 में इंदौर की तीन प्रतिभाशाली बहनों—डॉ. आरती पाल, सपना पाल और भावना पाल—ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और समाज का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। इस उपलब्धि ने न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
विश्व योगासन चैंपियनशिप में 79 देशों के 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय टीम ने कुल 114 पदक जीतकर प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक सफलता में डॉ. आरती पाल, सपना पाल और भावना पाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
डॉ. आरती पाल ने सीनियर एज ग्रुप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का परचम लहराया। वहीं सपना पाल ने समूह प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और भावना पाल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया।
डॉ. आरती पाल वर्तमान में पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार में योग की प्रोफेसर हैं। बचपन से ही योग के प्रति समर्पित रहने वाली आरती पाल ने अपने अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
तीनों बहनों की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी उपलब्धि समाज की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
गड़रिया टाइम्स परिवार की ओर से तीनों बहनों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।
